ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। खदरी खड़क माफ में बीते बुधवार की रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने आम के कई पेड़ उखाड़ डाले। इससे ग्रामीणों को बड़े पैमाने पर आर्थिक क्षति हुई है।
श्यामपुर न्याय पंचायत खदरी खड़क माफ के वार्ड 5 नेगी मोहल्ला में बुधवार रात को दो जंगली हाथी आम के बगीचे में घुस गए। यहां उन्होंने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने आम के करीब आधा दर्जन पेड़ों को जड़ समेत उखाड़ दिया। आम चट कर गए।
हाथियों की वजह से हुए नुकसान की नुकसान की सूचना समाजसेवी विनोद जुगलान ने वन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा सुरेंद्र कुमार, वन बीट अधिकारी शिवराज और वन बीट सहायक धनीराम बेलवाल ने हाथियों के द्वारा किए गए नुकसान का जायजा लिया। बगीचे में शूरवीर सिंह, रणवीर सिंह, गब्बर सिंह, भगवान सिंह और अन्य ग्रामीणों के पेड़ थे। उन्होंने मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों से मुआवजे की भी मांग की।