ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । एम्स दिल्ली के हेड एंड नेक सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेश चंद शर्मा ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में मुंह और गले के कैंसर के इलाज में रोबोटिक सर्जरी की भूमिका विषय पर चिकित्सकों को जानकारी दी। शुक्रवार को एम्स में आयोजित व्याख्यान में एम्स जोधपुर के प्रेसिडेंट व दिल्ली एम्स के ईएनटी विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेश चंद शर्मा ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी करने से कैंसर के मरीज को ऑपरेशन के बाद होने वाली तकलीफें कम हो जाती हैं। साथ ही कैंसर के ठीक होने की संभावना पूूरी रहती है।
एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत ने बताया कि एम्स ऋषिकेश में सर्जरी के लिए जो रोबोट उपलब्ध कराया गया है, वह देश के चुनिंदा मेडिकल संस्थानों में ही उपलब्ध है। एम्स दिल्ली के बाद ऋषिकेश एम्स ही ऐसा संस्थान है, जहां पर मुंह व गले की रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से आउटरीच कार्यक्रम के तहत कैंसर को लेकर जनजागरुकता मुहिम शुरू की गई है। इसके तहत शनिवार को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, कनखल हरिद्वार में ओंको सर्जिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें संस्थान के कैंसर विशेषज्ञ रोगियों का परीक्षण व उपचार किया जाएगा।
इस मौके पर प्रोफेसर रवि कांत ने प्रो. शर्मा को संस्थान की ओर से स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रोफेसर मनोज गुप्ता, डॉ. राजेश पसरीचा, डॉ. अमित शेखावत, डॉ. दीपक, डॉ. मनु मल्होत्रा, डॉ. अमित, प्रो. एसपी अग्रवाल, डॉ. पंकज गर्ग, डॉ. राजकुमार, डॉ. धर्माराम पूनिया, डॉ. भियांराम आदि मौजूद थे।