ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने निगम के पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी मोड पर दिए जाने का विरोध किया है। इस मौके पर कर्मचारियों ने आगामी आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की। मंगलवार को मुनिकीरेती में महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष पुरुषोत्तम पुरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर पर्यटन आवास गृहों को पीपीपी मोड पर दिए जाने का विरोध करते हुए आगामी आंदोलन की रूपरेखा बनाने पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में महामंत्री मनमोहन चौधरी ने कहा कि सीजनल कर्मचारियों को बाहर निकाले जाने विरोध किया जाएगा। इसके अलावा सातवें वेतनमान का लाभ तत्काल कर्मचारियों को दिए जाने का मुद्दा पूरे जोर के साथ उठाया जाएगा। कहा कि एक तरफ शासन एकीकरण की बात कर रहा है, वहीं निगम के पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी मोड पर दिया जा रहा है। इस दौरान कर्मचारियों ने पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी मोड पर दिए जाने का विरोध करते हुए आगे आंदोलन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामकुमार शर्मा, रायचंद रावत, कमल सिंह रावत, किशन सिंह पंवार, पीएल भट्ट, जयवीर सिंह, बीएस जुयाल, एसएस सजवाण, रविंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।