ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 10 फरवरी को बसंत पंचमी के दिन राजमहल नरेंद्र नगर में तय की जाएगी। टिहरी राज दरबार में परंपरागत रूप से बसंत पंचमी पर प्रात: साढ़े 10 बजे से श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय करने के लिए टिहरी महाराजा सहित श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों, वेदपाठियों, राज पुरोहितों व डिमरी पंचायत की उपस्थिति में यह समारोह आयोजित किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के दिन की विधिवत घोषणा की जाएगी। इसी दिन डिमरी पंचायत के प्रतिनिधि गाडू घड़ा (तेल कलश) लेकर राज दरबार पहुंचेंगे। गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा की तिथि भी उसी दिन तय की जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। समारोह के लिए मंदिर समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।