ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला। श्री हरज्ञानचंद सरस्वती शिशु विद्या मंदिर डोईवाला की ओर से उत्तराखंड स्टेट चैप्टर ऑफर आईआरआईए के सहयोग से भ्रूण हत्या और स्वच्छता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स ऋषिकेश के रेडियोलॉजिस्ट विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर सक्सेना ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि बालिकाएं सभी क्षेत्रों में बेहतर काम कर रही हैं। भ्रूण हत्या को रोकने के लिए सामाजिक जागरुकता जरूरी है। उत्तराखंड चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राजीव आजाद ने कार्यक्रम के बारे में बताया।
हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस की डॉ. मंजू सैनी ने स्वच्छता संबंधी जानकारियां दी। डॉ. सुनील खंडूरी ने हाथ धोने के आठ तरीके बताए। वरिष्ठ भाजपा नेता करन बोरा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर विचार रखे। संस्कार भारती के प्रदेश संगठन मंत्री रोशनलाल अग्रवाल ने कहा कि ज्वलंत विषयों पर समाज को जागरूक करने के लिए सामूहिक पहल की आवश्यकता है। विद्यालय प्रधानाचार्य महेश गुप्ता ने विद्यालय में की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में ईश्वरचंद अग्रवाल, डॉ. दिव्या, डॉ. शरद गाडगिल, डॉ. सुनील, अनीता अग्रवाल, सविता अग्रवाल, नरेंद्र गोयल, विनीत आदि तमाम लोग मौजूद रहे थे।