ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। जायका प्रोजेक्ट के तहत शुक्रवार को आईबीएम कंपनी के आठ सदस्यीय दल ने लच्छीवाला की पौधशाला का मुआयना कर पौधो संबंधी विभिन्न जानकारियां ली। दल में अमेरिका और जापान के लोग शामिल रहे। जापान के जायका प्रोजेक्ट के तहत लच्छीवाला नेचर पार्क परिसर में वन विभाग की ओर से पौधशाला तैयार की गई है। दल सुबह दस बजे लच्छीवाला पहुंचा और करीब अपराह्न तीन बजे तक पौधे से संबधित आंकड़ों का एकत्रीकरण करता रहा।
वन क्षेत्राधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया कि दल ने पौधशाला का भ्रमण किया। उन्होंने नर्सरी तैयार करने से लेकर पौधो को रोपने तक की जानकारियां ली। बताया कि दल ने जायका प्रोजेक्ट के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों के बारे में जाना। भ्रमण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी मूल्यांकन और अनुश्रवण पवन कुमार, आईबीएम के मनोज सिन्हा, डिप्टी रेंजर रविंद्र बेलवाल, पूर्णानंद उनियाल, संदीप, मुकेश सजवाण, प्रीतम सिंह चौहान, दीपेंद्र असवाल आदि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।