ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन आश्रम मेें पांच दिवसीय निशुल्क दंत परीक्षण शिविर का शुभारंभ सोमवार को हुआ। शिविर में पहले दिन 150 से अधिक लोगों के दांतों की जांच कर निशुल्क दवा दी गई।
आश्रम परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती और एम्स के निदेशक डॉ. रविकांत ने किया। इस मौके पर डेंटल सर्जन डॉ. उपेन पटेल, डॉ. प्रीता लोढ़िया, डॉ. माया दाभी, डॉ. केतन पटेल, डॉ. मनोज कांडपाल, डॉ. दीप्ती जोगिया, डॉ. रवि कौशल ने लोगों के दांतों का परीक्षण किया। इस दौरान दांतों व मसूड़ों की सफाई, दांत निकालना, दांत भरवाना, दांतों की झनझनाहट का उपचार किया गया।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति का लाभ ग्रामीणों और राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों तक भी पहुंचना चाहिए। मानव सेवा के साथ-साथ प्रकृति की सेवा करना सभी का कर्तव्य है। वर्तमान में मनुष्य ने अपनी जीवन पद्धति को प्रकृति से दूर कर लिया है। एम्स निदेशक डॉ. रविकांत ने कहा कि स्वामी चिदानंद सरस्वती के नेतृत्व में परमार्थ निकेतन विश्व स्तर पर पर्यावरण, जल, शिक्षा, चिकित्सा जैसे अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यहां से सेवा, साधना और समर्पण का संदेश निरंतर प्रवाहित होता रहता है। कहा कि चिकित्सकों का दल ऋषिकेश के आसपास के क्षेत्रों में जाकर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।