ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जूनियर हाई स्कूल की द्वितीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता विधिवत संपन्न हो गई। इस मौके पर सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। बृहस्पतिवार को बीरपुर खुर्द स्थित स्कूल खेल परिसर में आयोजित खेल प्रतियोगिता में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृष्णकुमार सिंघल व रजनी बिष्ट ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान खो-खो प्रतियोगिता के बालक वर्ग में कक्षा दो के छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं बालिका वर्ग में कक्षा चार की छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नेटबाल प्रतियोगिता में टीम रेड विजेता रही। बोरा रेस बालक वर्ग में कक्षा दो के साहिल ने प्रथम और कक्षा एक के अर्जुन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। चम्मच रेस में छाटे-छोटे बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया इसमें संजना ने प्रथम और खुशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अभिभावक म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में चंदा देवी ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी बडथ्वाल, डीपी रतूड़ी, नागेश राजपूत, भरत भट्ट, रोशन पंत, अनिकेत प्रजापति आदि मौजूद थे।