अठूरवाला और देहरादून के बीच होगी खिताबी भिड़ंत
ब्यूरो/अमर उजाला
डोईवाला। राज्य आंदोलनकारी शहीद राजेश नेगी प्रथम फुटबाल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को अठूरवाला और देहरादून की टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में अठूरवाला और देहरादून ने अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया।
राजकीय इंटर कॉलेज कोटि अठूरवाला के मैदान पर पहला सेमीफाइनल देहरादून फुटबाल अकादमी और वेस्टर्न ब्वायज रायपुर के बीच खेला गया। जिसमें देहरादून ने रायपुर को 2-1 के अंतर से रोमांचक मुकाबले में पराजित किया। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला डीडीएसए अठूरवाला और बीएससी ब्वायज देहरादून के बीच खेला गया। जिसमें अठूरवाला ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बीएससी ब्वायज को 3-0 से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। अठूरवाला ने शुरुआत से ही बढ़त बनाकर प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाए रखा।
आयोजन समिति के सदस्य करतार सिंह नेगी ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक बजे देहरादून और अठूरवाला के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबले में समाजसेवी पुरुषोत्तम डोभाल, संजय चमोली और रणजीत गुसाईं, बार एसोसिएशन के अजय बहुगुणा आदि ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर उनका उत्साहवर्द्धन किया। आयोजन समिति के मनोज चमोली, चंडी प्रसाद तिवारी, रोशन चमोली, राजेंद्र नेगी, संजीव भट्ट, मनोज नेगी, चंद्रप्रकाश काला, रतनमणि पंत, विक्रम रावत, आशीष बिज्लवाण, रैफरी सुरेंद्र पयाल और अतुल आर्य, लक्ष्मण सिंह रावत, दिनेश तोपवाल, राकेश नेगी आदि मौजूद रहे।