ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में हैप्पी न्यू ईयर विंटर फुटबॉल टूर्नामेंट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय खेल स्पर्धा का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हिमालयन फुटबॉल क्लब आईडीपीएल की टीम ने अपने नाम किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विजेेता और उप विजेता टीम को विधायक निधि से पांच-पांच हजार रुपये के अलावा टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने पर खिलाड़ी अभिषेक को भी पांच हजार रुपये देने की घोषणा की। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि फुटबॉल के खेल में उत्तराखंड का प्रारंभ से ही विशिष्ट स्थान रहा है।
वर्तमान पीढ़ी में खेलने के प्रति रुचि कम हुई है, जो व्यक्तिगत स्वास्थ्य व खेल के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा है कि खेल से जहां एक और शरीर स्वस्थ रहता है वहीं स्फूर्ति बनी रहती है। उन्होंने सभी विजयी खिलाड़ियों को ट्राफी देकर सम्मानित भी किया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भरत मंदिर इंटर कॉलेज को दो गोल पोस्ट तैयार करने के लिए 40 हजार रुपये विधायक निधि से देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर चेतन शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, अनीता रैना, राजू बिष्ट, डीपी रतूड़ी, राजू नरसिम्हा, अक्षत खेरवाल, दीपक बिष्ट, सोमवीर सिंह, उपदेश उपाध्याय, कार्यक्रम के संयोजक दुर्गेश कुमार, अनुराग पायल, अनुज जोशी, हरि चरण सिंह आदि उपस्थित थे।