ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, आईडीपीएल परिसर में बुधवार को सांप निकल आया। इस छह फीट लंबे सांप को देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने खासी मशक्कत के बाद इस सांप को कब्जे में लिया। बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया। विद्यालय में परीक्षाएं चल रही हैं। इससे विद्यालय परिसर में भी अफरा-तफरी मची रही।
परिसर में सुबह केकरीब साढ़े आठ बजे अचानक अचानक निकले सांप को देखकर विद्यालय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल विद्यालय प्रशासन को दी। इसके बाद वन विभाग को अवगत कराया गया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव डा. चंडीप्रसाद घिल्डियाल ने बताया कि विद्यालय में संस्कृत की पूर्व मध्यमा व उत्तर मध्यमा की परीक्षाएं चल रही हैं। इसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र परीक्षा दे रहे हैं। भोला नाम के व्यक्ति को साथ लेकर आई वन विभाग की टीम ने बिल में घुस रहे छह फिट लंबे सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ा।
घोड़ा पछाड़ प्रजाति का है यह सांप
ऋषिकेश। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह घोड़ा पछाड़ प्रजाति का सांप है, जो अधिक गर्मी पड़ने पर बिलों से बाहर निकलने लगते हैं।