ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की ओर से यमकेश्वर ब्लॉक के गंगा भोगपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण व जन जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के चिकित्सीय दल ने 80 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान रोगियों को निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गई। बुधवार को एम्स के आउटरीच सेल की ओर से उन्नत भारत अभियान के तहत यमकेश्वर ब्लॉक से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर विधिवत शुरू कर दिया गया। इस मौके पर एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने कहा कि संस्थान स्वास्थ्य सुविधाओं से विहीन सुदूरवर्ती इलाकों में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कृत संकल्पित है।
इसी के तहत संस्थान के आउटरीच सेल की ओर से नगर व समीपवर्ती विभिन्न मलीन बस्तियों के अलावा पीपलकोटी, नारायणकोटी, टिहरी कोटेश्वर, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर आदि क्षेत्रों में नियमित तौर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जल्द ही स्वास्थ्य शिविरों का दायरा बढ़ाया जाएगा, इससे और अधिक लोगों तक चिकित्सा सेवा पहुंचाई जा सके। आउटरीच सेल के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार की अगुवाई में संस्थान की चिकित्सकीय टीम ने गंगाभोगपुर गांव में रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें दवा उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया।
इस मौके पर राजकीय इंटर कॉलेज गंगाभोगपुर की छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान होने वाली परेशानियों को लेकर जागरूक किया गया और सेनेटरी पैड वितरित किए गए। इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपमा, डॉ. दीपक, डॉ. कलावती, डॉ. आशीष गौतम, डॉ. सुनील श्रीवास्तव, अखिलेश असवाल, विकास के अलावा पीजी ऑटोनोमस कॉलेज के एमएलटी विभाग के स्वयंसेवकों ने भी सहयोग किया।