ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आशीष भटगोई नेे मुनिकीरेती तपोवन क्षेत्र के सभी दुकानदारों व होटल व्यावसायियों को आगामी चारधाम यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। शुक्रवार को मुनिकीरेती स्थित नगर पालिका सभागार हॉल में मुख्य विकास अधिकारी ने मुनिकीरेती तपोवन क्षेत्र के सभी दुकानदारों और होटल व्यावसायियों की बैठक ली। उन्होंने सभी व्यावसायियों को अपने प्रतिष्ठानों के आगे कूड़ेदान रखने और उसका इस्तेमाल करने की हिदायत दी।
सीडीओ ने कहा कि कोई भी व्यावसायी अपने कूड़ेे को इधर उधर नहीं डालेगा। सभी कूड़ा वाहन में ही अपने कूड़े का निस्तारण करेंगे। इसके अलावा उन्होंने तीर्थयात्रियों से अच्छा व्यवहार अपनाने के साथ ही उन्हें सही दिशा निर्देश दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सभी व्यावसायियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट चस्पा करने और होटलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी निर्देशित किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी भरत राणा, पुलिस क्षेत्राधिकारी उत्तम सिंह जिमवाल, वन क्षेत्राधिकारी स्पर्श काला और थाना प्रभारी आरके सकलानी आदि मौजूद रहे।