ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । कंडवाल भयात की ओर से आरोग्यधाम अस्पताल देहरादून के सहयोग से राजकीय इंटर कॉलेज किमसार में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सौ से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रविवार को यमकेश्वर ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में मूल निवासी यमकेश्वर भूमियाकिसार आरोग्यधाम के डॉक्टर विपुल की ओर से चिकित्सकों का दल चेकअप के लिए भेजा गया, जिसमें डॉ. डीएस बिष्ट, डॉ. यश, डॉ. निखिल, डॉ. नितेश ने लगभग सौ से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस मौके पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश ने बताया कि यहां बच्चे विटामिन ए की कमी, कृमि व फंगल इंफेक्शन और एलर्जिक की बीमारी से ग्रसित हैं। वही स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निखत अली ने बताया कि महिलाओं में व्हाइट डिस्चार्ज की समस्या अधिक है। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. यश ने बताया कि महिलाओं और पुरुषों में जोड़ो के दर्द की अधिक शिकायत है। वहीं चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस बिष्ट ने बताया कि लोगों मे चर्म रोग की समस्या अधिक है। लोगों के स्वास्थ्य जांच के बाद निशुल्क दवा उपलब्ध कराई गई। ग्राम सभा तल्ला बनास, कसाण, भूमियाकिसार, मल्ला बनास, किमसार जोगयाना, रामजीवाला, मरोड़ा, धारकोट, अमोला, देवराना बौसली और पोखरी के लोगों ने अपना चेकअप करवाया।