ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। नगर पालिका डोईवाला क्षेत्र में नालियों को बरसात से पहले पूरी तरह से साफ सफाई कर दुरुस्त कर दिया जाएगा। इसके लिए नाला गैंग को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रत्येक वार्ड को एलईडी लाइट लगाकर पथ प्रकाश को प्रभावी बनाया जा रहा है। सीमा विस्तार के बाद नगर पालिका के हिस्सा बने नये क्षेत्रों में अब शहरी लुक दिखाई देना शुरू हो रहा है। नगर पालिका ने योजनाबद्ध तरीके से पूरे नगर में पथ प्रकाश और साफ सफाई की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। सभी बीस वार्डों में क्षेत्रफल और जरूरत अनुसार सेंसर लाइट लगाई जा रही हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि सागर मनवाल ने बताया कि बरसात से पहले नालियों की पूरी तरह से साफ सफाई के लिए नाला गैंग तैयार कर दी गई है। इसमें शामिल एक्सपर्ट सफाई कर्मचारी नालियों को दुरुस्त करेंगे। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए आठ वाहन जल्द काम शुरू कर देंगे। इसके अलावा एक टीम नियमित फॉगिंग मशीन चला रही है। नगर पालिका डोईवाला के सबसे मुख्य वार्ड संख्या एक के सभासद मनीष धीमान ने बताया कि नगर में पथ प्रकाश के लिए 100 एलईडी लाइटें लगाने का काम शुरू हो गया है।
कोट्स
नगर पालिका डोईवाला के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू कर दिया गया है। मुख्य फोकस साफ सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था रखते हुए काम किया जा रहा है। बोर्ड सदस्य और जनता के सहयोग से आने वाले दिनों में लोगों को नगर में अच्छा काम दिखाई देगा।
- सुमित्रा मनवाल, अध्यक्ष नगर पालिका ,डोईवाला