ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में लगने वाले होर्डिंग और बैनर के अब शुल्क चुकाने पडे़ंगे। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष माधव अग्रवाल की देखरेख में हुई बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इसके अलावा राजनीतिक पार्टियां अपने होर्डिंग और बैनर को एक सप्ताह से अधिक समय तक नहीं लगा पाएंगी।
बोर्ड की बैठक में नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक अध्यक्ष माधव अग्रवाल ने बताया कि बोर्ड ने नगर पंचायत की आय बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इससे नगर पंचायत को सालाना चार लाख रुपये की अनुमानित आय होगी। इस दौरान वार्ड संख्या तीन में टू व्हीलर पार्किंग का निर्माण भी कराए जाने पर सहमति बनी है।
वहीं रामझूला चौकी के निकट शौचालय का निर्माण, लक्ष्मी नारायण घाट पर कॉलम खड़े कर पार्किंग व रेन बसेरा आदि बनाया जाएगा। माधव अग्रवाल ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय के समीप सरकारी भूमि पर दो दुकानों का निर्माण कराया जाएगा और भागीरथी धाम मार्ग का नाम पूर्व सभासद स्व. रणवीर सिंह नेगी के नाम पर रखा जाएगा।