बुधवार को अचानक उत्तराखंड में मौसम ने पलटी मार ली। राजधानी देहरादून में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई तो बदरी-केदार सहित उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। मौसम के इस बदले मिजाज से लोगों को गर्मी से कुछ निजात मिली।
केदारनाथ में दोपहर बाद शाम पांच बजे तक हल्की बर्फबारी हुई। जिसके बाद आसमान में घने बादल छा गए। इधर, रुद्रप्रयाग सहित निचले इलाकों में दिनभर सूरज और बादलों की आंखमिचौनी होती रही। दोपहर बाद कुछ देर तेज हवा भी चली, लेकिन बाद में मौसम सुहावना हो गया।
चमोली जनपद में बुधवार को दोपहर बाद बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रूद्रनाथ के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। जिससे मौसम में ठंडक आ गई है। बदरीनाथ धाम परिसर में भी आंशिक बर्फबारी हुई। बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बनी हुई थी, लेकिन जोशीमठ क्षेत्र में थोड़ी बूंदाबांदी हुई तथा अन्य क्षेत्रों में मौसम यथावत बना रहा।