मार्च का अंतिम समय। फाइनेंशियल ईयर खत्म होने की टेंशन। विभिन्न योजनाओं में पैसा लगाने वाले ग्राहकों को खाते अपडेट कराने की चिंता।
पोस्ट ऑफिसेज में आजकल ऐसे ही हालातों के बीच ग्राहक चक्कर काट रहे हैं। करीब आठ दिन से पोस्टल डिपार्टमेंट का सर्वर डाउन है। इस वजह से जितनी भी कंप्यूटर आधारित शाखाएं हैं, वहां दिनभर कामकाज ठप चल रहा है। कुछ देर को सर्वर चलता है और फिर ठप हो जाता है।
पोस्ट ऑफिस की सेविंग बैंक अकाउंट (एसबी), रिकरिंग डिपॉजिट अकाउंट (आरडी), मंथली इनकम स्कीम (एमआईएस), पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ), टाइम डिपॉजिट (टीडी), सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (एससीएसएस), नेशनल सेविंग स्कीम (एनएससी), पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआई), रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (आरपीएलआई) सहित सभी योजनाओं में निवेश के लिए इन दिनों कामकाज ठप पड़ा हुआ है। दिन में कुछ देर को सर्वर चलता है।
आठ दिनों से ग्राहक ब्रांच दर ब्रांच भटक रहे हैं। अधिकारियों के हाथ में भी सर्वर इसलिए नहीं है, क्योंकि यह सीधे चेन्नई से चलता है। कई लोगों ने मंगलवार को इसकी शिकायत की। उनका कहना है कि वह जब भी पोस्ट ऑफिस जाते हैं तो उनका पैसा जमा ही नहीं हो पाता है।
31 मार्च नजदीक आ चुकी है, अगर समय रहते पैसा जमा न हुआ तो उन्हें नुकसान हो जाएगा। ग्राहकों में इस बात का गुस्सा भी है कि आमतौर पर अन्य जगहों पर अगर सर्वर दिन में डाउन हो भी जाता है तो शाम तक उसे रिकवर कर लिया जाता है। लेकिन डाक विभाग आठ दिनों से अपना सर्वर ठीक नहीं करा पा रहा है। डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उदय कृष्णा ने बताया कि यह समस्या उन सभी शाखाओं में आ रही है, जहां सीबीएस सिस्टम है। मैन्युअल चलने वाली शाखाओं में दिक्कत नहीं है।
...तो हो जाएगा नुकसान
अब सवाल यह है कि अगर ऐसे ही सर्वर खराब रहा तो ग्राहकों के निवेश प्लान का क्या होगा। क्या उन्हें सर्वर की इस खराबी का नुकसान उठाना पड़ेगा। हालांकि डाक विभाग का कहना है कि वह ग्राहकों को नुकसान नहीं होने देंगे। लेकिन यहां चूंकि सभी कंप्यूटराइज सिस्टम चलता है जो कि एक निश्चित समयावधि के बाद डाटा रिसीव नहीं करेगा। ऐसे में ग्राहकों को चिंता है कि उनका क्या होगा?
चेन्नई में हमारे सर्वर में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। हमारे वहां बैठे तकनीकी विशेषज्ञ लगातार कोशिश कर रहे हैं कि वह जल्द से जल्द दिक्कत दूर कर दें। उम्मीद है कि जल्द ही परेशानी खत्म हो जाएगी।
- बीके सिंह, निदेशक, पोस्टल सेवा