जाति के आधार पर आरक्षण समाप्त करने और उसकी जगह आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को युवाओं एवं अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया। डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि समाज में असमानता लाने वाले कानूनों को तत्काल बदला जाए और बदले हालातों में नए कानून बनाए जाएं। साथ ही संविधान में संशोधन किया जाए।
सिरकुच के युवक मंगल दल अध्यक्ष अनिल चंद के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान पांच मुख्य मुद्दे शामिल किए गए, इसमें जाति के आधार पर आरक्षण समाप्त करने, पलायन रोकने के लिए पहाड़ पर जमीन की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने, कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चों को अनिवार्य रूप से सरकारी स्कूलों में पढ़ाने का आदेश देने, रिटायरमेंट की उम्र 55 वर्ष करने, निजी विद्यालयों को सिर्फ ग्रामीण अंचलों में खोलने की मांग की गई है।
जाति के आधार पर आरक्षण समाप्त करने की मांग को लेकर पहले यहां के विभिन्न संगठनों ने 100 दिन तक धरना दिया था। बाद में हर महीने की पहली तारीख को प्रदर्शन का फैसला लिया गया। प्रदर्शन में पीसी पांडे, अनीता, डिंपल चंद, महिमा चंद, नव्या चंद, सूरज चंद, निकिता चंद, विनोद चंद, कुंडल सिंह आदि शामिल थे।