पुनेड़ी से तड़ीगांव तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य आठ वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य पूरा करने और तत्काल सड़क पर हॉटमिक्स किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को क्षेत्र के लोगों ने लोनिवि के ईई एनसी जोशी का घेराव किया और डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि जब जिला मुख्यालय के नजदीक की सड़क की हालत ऐसी है तो अन्य स्थानों की हालत कैसी होगी, यह सोचा जा सकता है।
सभासद ललित पुनेड़ा के नेतृत्व में आए लोगों ने बताया कि पुनेड़ी से तड़ीगांव तक सड़क की मंजूरी 2008 में हो गई थी। इतना समय बीतने पर भी न तो सड़क को पक्का किया गया है और न नालियों का निर्माण ही हुआ है। यह सड़क छोटे स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए आफत का कारण बन गई है। सड़क का निर्माण मानक के हिसाब से नहीं किया गया है। लोनिवि की लापरवाही से ही सड़क के किनारे अतिक्रमण होने लगा है।
कहा कि सड़क बनने पर आईटीआई, सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज, आरटीओ कार्यालय जाने वालों के साथ-साथ कई गांवों के लोगों को सुविधा होती। प्रदर्शन में कमल रावत, हेम रावत, चंद्रप्रकाश पुनेड़ा, गौरव कापड़ी, नवीन राम, जीवन राम, मनोज रावत, कमलेश पुनेड़ा, दिनेश पुनेड़ा, मोहन चंद, जयंती पुनेड़ा, विमल पुनेड़ा आदि शामिल हुए।
बाहरी ठेकेदारों की वजह से पैदा हो रही समस्या
ठेकेदार संगठन के जिलाध्यक्ष तारा चंद का कहना है कि सरकार ने सड़कों के निर्माण, हॉटमिक्स की जिम्मेदारी बाहरी प्रदेशों के बड़े ठेकेदारों को सौंपी है। यह ठेकेदार खुद ही छोटा-छोटा काम अलग-अलग लोगों को बांट देते हैं। काम बांटने के बाद छोटे ठेकेदारों को समय पर भुगतान नहीं किया जाता। वह मानते हैं कि यदि यही काम स्थानीय ठेकेदारों को दिया जाता तो समय पर काम भी पूरा होता और गुणवत्ता भी सही रहती। उन्होंने कहा कि सरकार को बाहरी ठेकेदारों के प्रति अपना मोह समाप्त करना चाहिए।