पिथौरागढ़। अमर उजाला की ओर से 07 से 11 जून तक पिथौरागढ़ के देव सिंह खेल मैदान में अंडर-17 फुटबॉल टूर्नामेंट शुक्रवार से शुरू होगा। उद्घाटन मैच पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय और विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बीच दोपहर 2:00 से खेला जाएगा। दूसरा मैच स्टेफर्ड पब्लिक स्कूल और महर्षि विद्या मंदिर के बीच अपराह्न 4: 00 से खेला जाएगा।
जिले में युवाओं में खेलों का विशेष क्रेज है। अंतरराष्ट्रीय खेलों में विभिन्न खेलों में उम्दा प्रदर्शन से जिले के तमाम खिलाड़ियों ने देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यहां के उभरते खिलाड़ियों को खेल का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अमर उजाला पिथौरागढ़ फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित कर रहा है।
जिला प्रशासन, फुटबॉल संघ और खेल विभाग के सहयोग से आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में कई स्कूलों की 16 टीमों ने पंजीकरण कराया है। फुटबॉल कोच मनोज पुनेठा, भूपेंद्र सिंह चौहान इस आयोजन में विशेष रूप से सहयोग कर रहे हैं।