पिथौरागढ़/कनालीछीना। कनालीछीना के ख्वांकोट के एक ग्रामीण ने युवक के मर्डर की झूठी सूचना पर पुलिस को रात भर दौड़ाया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो हकीकत सामने आई। दौरा पड़ने के बाद बेहोश हुआ युवक रास्ते पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। ग्रामीण ने इसे हत्या बताते हुए 112 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी। देहरादून मुख्यालय से कनालीछीना थाने को मिली सूचना के बाद पुलिस में खलबली मच गई और पुलिस कर्मी रात में ही ख्वांकोट गांव पहुंच गए।
दरअसल तीन दिन पूर्व दौरा पड़ने के बाद ख्वांकोट गांव निवासी सूरज कुमार (25) पुत्र गोपाल राम रास्ते पर गिर गया। उसके साथ आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती थीं। ऐसे में परिजन उसे उठाकर घर ले गए। बीते बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली तो हेमंत पोखरिया ने युवक के मर्डर की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दे दी। देहरादून मुख्यालय से कनालीछीना थाने में हत्या की सूचना दी गई तो पुलिस कर्मियों में अफरातफरी फैल गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष मोहन सिंह गंगोला के नेतृत्व में पुलिस कर्मी देर रात 11 बजे ख्वांकोट पहुंचे। थानाध्यक्ष गंगोला ने बताया कि परिजनों ने इसे स्वाभाविक मौत बताया है। ऐसे में ग्रामीण की झूठी सूचना पर पुलिस रात भर दौड़ती रही।
सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने कहा कि हेमंत पोखरिया ने युवक के मर्डर की झूठी सूचना दी थी। ऐसा करने पर उसका पुलिस एक्ट में चालान किया गया। बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।