योगेंद्र दशौनी की इसी पेंटिंग को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
राजकीय इंटर कॉलेज बांसबगड़ के 11वीं के छात्र योगेंद्र सिंह दशौनी ने आर्ट इंडिया फाउंडेशन की राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया है। ये प्रतियोगिता तीन जनवरी को ऑनलाइन हुई थी।
संस्थान ने 15 जनवरी को योगेंद्र और विद्यालय के कला शिक्षक राजीव कश्यप को योगेंद्र की पेंटिंग को पहला स्थान मिलने की जानकारी देते हुए 20 जनवरी को पूना में होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में आमंत्रित किया था। कला शिक्षक और योगेंद्र ने पूना जाने में असमर्थता जताई थी। संस्थान ने रजिस्टर्ड डाक से पुरस्कार और सम्मान पत्र भेजा है।
सम्मान पत्र आर्ट इंडिया फाउंडेशन के ट्रस्टी मिलिंद सेठी, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजूकेशन एंड रिसर्च पूना के डीन हरिनाथ चक्रपाणी के हस्ताक्षरों से जारी हुआ है। योगेंद्र ने प्रभु ईसा मसीह से संबंधित पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए भेजी थी। यह पेंटिंग योगेश ने जैल पैन की सहायता से तैयार की थी। योगेंद्र का सपना बड़ा चित्रकार बनने का है।
मंगलवार को विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में योगेंद्र और कला शिक्षक राजीव कश्यप को सम्मानित किया गया। योगेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय कला शिक्षक राजीव कश्यप को दिया। योगेंद्र का सपना बड़ा चित्रकार बनने का है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एसके वर्मा, पीटीए अध्यक्ष दिनेश चंद्र आर्य, शिक्षक विमल किशोर, गोकरन सिंह, दीपक उपाध्याय, नीमा, हेमंती, लाल सिंह चुफाल ने योगेंद्र और कला शिक्षक को बधाई दी।