पिथौरागढ़ में आयोजित बैठक में विचार विमर्श करते भाजपा नेता
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा कार्यकर्ता एससी-एसटी बहुल गांवों में रात्रि प्रवास करेंगे। इस बाबत जिले की चारों विधानसभाओं में 60 गांवों का चयन किया गया है। चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी की तैनाती कर दी गई है।
शुक्रवार को लोनिवि निरीक्षण भवन में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को ग्राम स्वराज अभियान की जानकारी दी गई। बताया गया कि अभियान के तहत पार्टी के विधायक, सांसद एवं मंत्री एससी-एसटी बहुल गांवों में जाकर रात्रि विश्राम और सहभोज करेंगे। इन गांवों में कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। बताया गया कि गंगोलीहाट, डीडीहाट और धारचूला विधानसभा में दस-दस गांवों का चयन किया गया है, जबकि पिथौरागढ़ विधानसभा में तीस गांवों को चयनित किया गया है।
गंगोलीहाट के लिए सुरेश जोशी, डीडीहाट के लिए महिमन कन्याल, धारचूला के लिए राजू नेगी और पिथौरागढ़ विधानसभा के लिए गिरीश जोशी को प्रभारी बनाया गया है। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वल्दिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक मीना गंगोला, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश नगरकोटी, राजेंद्र रावत, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष उमा पांडे, ललित पंत आदि मौजूद थे।