चंपावत। नगर के मुड़ियानी गांव की महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। केंद्र सरकार की वित्तपोषित हिमालयन स्वयं सहायता समूह ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से महिलाओं ने आधुनिक बहुउद्देशीय स्टोर शुरू किया है। इससे समूह की सदस्य हर महीने 15 से 20 हजार रुपये तक की शुद्ध आय अर्जित कर रही हैं।
वर्ष 2025 में गठित समूह में वर्तमान में सात महिलाएं सक्रिय रूप से जुड़ी हैं। पंचायत स्तर पर आयोजित बैठकों के माध्यम से उन्हें ग्रामोत्थान परियोजना की जानकारी मिली। परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों को उद्यम आधारित गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
परियोजना के तहत समूह को एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिली। इसमें 20 हजार रुपये का समूह का अंशदान, 50 हजार रुपये का बैंक ऋण और 30 हजार रुपये की परियोजना सहायता शामिल है। इसी राशि से महिलाओं ने बहुउद्देशीय आधुनिक स्टोर स्थापित किया।
समूह की सदस्य ललिता ने बताया कि स्टोर में दैनिक उपयोग की वस्तुओं, खाद्य सामग्री के साथ घरेलू और डेयरी उत्पादों की बिक्री की जा रही है। इस कारोबार से समूह की महिलाओं को प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये की शुद्ध आय हो रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले की अन्य महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बन रही है।