चौड़मन्या में रात के समय शराब की दुकान बंद कराने पहुंची महिलाएं
- फोटो : amar ujala
चौड़मन्या कस्बे में शराब की दुकान का विरोध उग्र हो गया है। महिलाओं ने मंगलवार रात कस्बे में खुली अंग्रेजी शराब की दुकान को बंद करा दिया था, लेकिन एक घंटे बाद ठेकेदार ने फिर से दुकान खोल दी। बुधवार को महिलाएं सुबह से ही शराब की दुकान के आगे एकत्र हो गई। उन्होंने शराब खरीदने आ रहे लोगों को खदेड़ दिया और शराब की बिक्री पूरी तरह ठप करा दी। कस्बे में देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानें खुली हैं।
महिलाओं का कहना है कि प्रशासन को खुद ही ऐसे मामलों का संज्ञान लेना चाहिए कि हाइवे से शराब की दुकान को हटाकर शांत कस्बे में न खोली जाए। लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है। कहा कि चौड़मन्या में शराब की दुकान को किसी भी दशा में नहीं चलने दिया जाएगा। इसके लिए महिलाएं आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। जिला पंचायत सदस्य हेमा नेवलिया ने कहा कि प्रशासन ने इलाके की समस्या हल करने के लिए इससे पहले कभी तत्परता नहीं दिखाई, लेकिन शराब की दुकान खोलने के लिए सारा सरकारी अमला एकजुट हो गया।
उन्होंने कहा कि चौड़मन्या की शराब की दुकान यदि विरोध-प्रदर्शन के बाद भी नहीं हटी तो अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। चौड़मन्या में जीआईसी, पांच अन्य स्कूल, अस्पताल, मंदिर, आसपास कई गांव हैं। प्रशासन ने बेड़ीनाग की शराब की दुकानों को चौड़मन्या शिफ्ट कर दिया है। जब से शराब की दुकान खुली है तब से महिलाओं का विरोध जारी है। क्षेत्र के समाजसेवी दीपक नेवलिया ने कहा कि शराब की दुकानों का विरोध जारी रहेगा। प्रशासन को शीघ्र यहां से शराब की दुकान हटानी चाहिए।
थल की दुकान चौनीपातल के पास खुली
थल। थल बाजार में शराब की दुकान खोलने का विरोध होने के बाद ठेकेदार ने थल-बेड़ीनाग रोड पर चौनीपातल के पास अस्थायी टिनशेड बनाकर दुकान खोल दी है। बाजार से दूर शराब की दुकान खुलने के बाद विरोध बंद हो गया है। बताया गया है कि शराब के शौकीन अब उसी स्थान पर जाकर शराब खरीद रहे हैं।