पर्यटन स्थल चौकोड़ी में हैंडपंप से पानी भरते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
जिले के प्रमुख पर्यटक स्थल चौकोड़ी में पानी का हाहाकार मचा है। यहां के तीन हैंडपंपों में हर वक्त लोगों की भीड़ है। इस कारण अधिकतर लोग दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। वहीं होटल व्यवसायी टैंकरों से पानी खरीद कर अपना काम चला रहे हैं।
यहां के लिए करीब चार दशक पहले बनी पांगरपानी पेयजल योजना से उपभोक्ताओं को तीसरे-चौथे दिन नाममात्र का पानी मिल रहा है। चौकोड़ी एक प्रमुख पर्यटक स्थल होने के साथ शिक्षा का भी हब है। यहां कई प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थानों में अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए ग्रामीणों ने मकान बना लिए हैं, या किराए पर रहते हैं। इस कारण आबादी बढ़ने के बाद अब पेयजल यहां की प्रमुख समस्या बन गई है। हालत यह है कि यहां के तीन हैंडपंप में दिन-रात लोगों की भीड़ लगी रहती है।
लोग कई किमी पैदल चलकर पानी ढो रहे हैं। चौकोड़ी के प्रधान मनोज कुमार ने प्रशासन से पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता महेश रौतेला ने बताया कि चौकोड़ी के लिए पेयजल की नई लिफ्ट योजना का काम शुरू हो गया है। फिलहाल यहां पेयजल संकट से निपटने के लिए प्रयास कर रहे हैं।