फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लिफ्ट योजना का पानी नहीं मिलेगा

Wed, 22 Mar 2017 09:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, डीडीहाट
विज्ञापन
डीडीहाट में सड़क के किनारे रखे गए पेयजल योजना के पाइप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
डीडीहाट नगर और उससे सटे गांवों के लिए थल रामगंगा से प्रस्तावित लिफ्ट पेयजल योजना का पानी इस बार भी लोगों को नहीं मिल पाएगा। धन की कमी के कारण योजना का काम अटका है। अब तक स्थानीय विधायक विशन सिंह चुफाल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर योजना के लिए धन न देने का आरोप लगाते आए हैं। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बन गई है और लोगों का कहना है कि योजना का काम पूरा कराने के लिए विधायक को प्रयास करने होंगे।
विज्ञापन


डीडीहाट नगर के लिए वर्ष 2012 में थल में रामगंगा से लिफ्ट योजना की मंजूरी मिली थी। सरकार ने इसके लिए 23.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। जल निगम को अब तक इस राशि में से सिर्फ 10.22 करोड़ रुपये ही मिल पाए हैं और योजना का करीब 65 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। करीब एक साल से जल निगम को योजना के लिए एक पैसा नहीं मिला है। शासन से धन आने की उम्मीद में जल निगम ने ठेकेदार से करीब तीन करोड़ रुपये का अग्रिम काम तक करा लिया। अब जल निगम के पास योजना का काम शुरू करने के लिए एक पैसा नहीं है।

जल निगम के अधिशासी अभियंता वीके कौशिक का कहना है कि यदि अप्रैल में योजना के लिए शेष धनराशि मिल जाती है तो काम पूरा करने में कम से कम आठ महीने का समय और लगेगा। उन्होंने कहा कि पैसे की कमी के कारण ही काम अटका हुआ है।
विज्ञापन


इधर, ठेकेदार ने नगर क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने के लिए जगह-जगह पाइप पहुंचा दिए थे, लेकिन पैसे की कमी के कारण यह पाइप पिछले आठ महीने से सड़क के किनारे पड़े हैं। बता दें कि जब यह योजना मंजूर हुई तब यह कहा गया था कि अधिकतम तीन वर्ष के भीतर निर्माण पूरा हो जाएगा, लेकिन पांच साल बीतने पर भी योजना के पूरा होने के लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं। 

पुरानी योजना का सहारा कब तक
नगर की 15 हजार की आबादी के लिए नौ प्राकृतिक स्रोतों का पानी संग्रह कर बनाई गई पेयजल योजना के भरोसे कब तक रहना पड़ेगा, कहा नहीं जा सकता। इस योजना में गर्मियों में पानी का स्तर न्यूनतम स्तर पर पहुंच जाता है। नौ में से पांच स्रोत पूरी तरह सूख जाते हैं। कई वर्षों से यहां गर्मियों के सीजन में टैंकरों और वाहनों से पानी बांटना पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें