पिथौरागढ़। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण थल-सातशिलिंग सड़क के चौड़ीकरण को हरी झंडी मिल गई है। इसके अलावा जिले में अन्य सड़कों का निर्माण और सुधारीकरण भी होगा।
डीएम आशीष भटगांई ने बताया कि सड़क अवस्थापना निधि (सीआरआईएफ) के अंतर्गत जनपद में राज्य मार्गों के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों पर लगी रोक न्यायालय के आदेश के बाद हट गई है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व हाईकोर्ट ने डंगोली–सैलानी–दाड़िमखेत–हड़वाड़–पंद्रहपाली–वालीघाट–दोफाड़–धरमघर–कोटमन्या–पांखू–थल–सातसिंलिंग, थल–तेजम स्टेट हाईवे के विस्तारीकरण कार्य पर न्यायालय ने रोक लगा दी थी।
न्यायालय ने पूर्व आदेश में सशर्त संशोधन करते हुए निविदादाता को दो करोड़ की सावधि जमा (एफडीआर) रजिस्ट्रार जनरल, उत्तराखंड उच्च न्यायालय के नाम छह माह के लिए जमा करने के आदेश दिए थे। इसके बाद एफडीआर निर्धारित समय में जमा कर दी गई है। ऐसे में ठेकेदार को सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति मिल गई है। उन्होंने बताया कि इन सड़क योजनाओं की स्वीकृत लागत 5708.47 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश के तहत जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा। संवाद