पिथौरागढ़। मुनस्यारी के दूरस्थ गांव रालम में बीमार ग्रामीणों का इलाज करने गए स्वास्थ्य कर्मी रविवार को तीसरे दिन भी नहीं लौट सके। खराब मौसम ने हेलिकॉप्टर को उड़ने नहीं दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में रहकर मौसम खुलने का इंतजार कर रही है।
मुनस्यारी से करीब 35 किलोमीटर दूर दुर्गम गांव रालम में पिछले दिनों वायरल बुखार और डायरिया फैल गया। बीते शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने बमुश्किल हेलिकॉप्टर से टीम को रालम गांव भेजा। टीम ने शिविर लगाकर बीमारों का इलाज किया, लेकिन शाम के समय मौसम खराब होने से हेलिकॉप्टर टीम को लेने रालम नहीं जा सका।
स्वास्थ्य कर्मियों को ग्रामीणों के सहयोग से रालम में ही रात गुजारनी पड़ी। दूसरे दिन भी मौसम नहीं खुल पाया। तीसरे दिन रविवार को स्वास्थ्य कर्मी हेलिकॉप्टर के पहुंचने उम्मीद कर रहे थे, लेकिन सुबह से मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर जिला मुख्यालय से ही उड़ान नहीं भर सका। तीन दिन से स्वास्थ्य कर्मी दुर्गम क्षेत्र रालम में ही फंसे हुए हैं।
-
तीन दिन से लगातार मौसम खराब होने से स्वास्थ्य कर्मी रालम गांव से नहीं लौट पाए हैं। फोन पर हुई वार्ता में स्वास्थ्य विभाग की टीम का ध्यान रखने और सहयोग करने की अपील वहां के ग्राम प्रधान से की गई है।
-डॉ. जेएस चुफाल, सीएमओ