पिथौरागढ़। नगर के विभिन्न हिस्सों में पेयजलापूर्ति बाधित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ब्रेक डाउन के कारण आंवला घाट पंपिंग योजना से पानी लिफ्ट नहीं हो पाया। इस बजेटी, पीडब्ल्यूडी जोन की 20 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित रही।
पिछले हफ्ते भी बारिश और ओलावृष्टि के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। बुधवार को भी नगर के बड़े हिस्से में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र जोशी ने बताया कि विद्युत ब्रेक डाउन के कारण आंवलाघाट से पानी की पंपिंग नहीं हो पाई। इसके कारण पीडब्लूडी और बजेटी जोन में आने वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई।
उन्होंने बताया कि रोड साइड इलाकों में पानी की आपूर्ति के लिए चार टैंकर लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जीआईसी, दौला, एपीएस रोड पर टैंकरों से लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंपिंग होने पर बृहस्पतिवार से पेयजल आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। बता दें कि नगर की अधिकांश आबादी आंवलाघाट योजना पर निर्भर है। यहां किसी भी तरह की दिक्कत होने पर पानी की आपूर्ति चरमरा जाती है। इधर ऊर्जा निगम के प्रभारी अधिशासी अभियंता विवेक उपाध्याय ने बताया कि बीती रात आंधी के कारण लाइन में तकनीक फॉल्ट आया था जिसकी मरम्मत की जा रही है।