डीडीहाट (पिथौरागढ़)। जाड़ों में पर्याप्त बारिश न होने से जलस्रोतों का जलस्तर घटने लगा है। कई जलस्रोत सूखने के कगार पर हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में जल संकट की आशंका बढ़ गई है और इससे निपटने की तैयारी भी शुरू हो गई है। डीडीहाट में जल संकट को देखते हुए टैंकरों का अधिग्रहण होने लगा है।
जल संस्थान के ईई संदीप चौधरी ने कहा कि जाड़ों में पर्याप्त बारिश न होने से प्राकृतिक स्रोतों का जलस्तर घटने लगा है। गर्मी में यह और घटेगा जिससे जल संकट गहरा सकता है। ऐसे में संस्थान ने जल संकट से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। कहा प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से पानी बांटा जाएगा। ऐसे में टैंकरों का अधिग्रहण किया जा रहा है। कहा डीडीहाट के साथ ही बेड़ीनाग, मुनस्यारी, धारचूला, थल में पानी बांटने के लिए टैंकरों के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।