बेड़ीनाग में टैंकर से पानी भरते लोग
- फोटो : अमर उजाला
नगर में पेयजल संकट गहरा गया है। जल संस्थान की योजना से लोगों के घरों में चौथे और पांचवें दिन आंशिक जलापूर्ति हो रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए जल संस्थान ने रविवार से टैंकर से पानी वितरण शुरू कर दिया है। नगर के जवाहर चौक, नया बाजार, ट्रेजरी मोहल्ला, गणेश चौक, पुराना बाजार, जमुना नगर, डिग्री कॉलेज, भटीगांव में पेयजल को लेकर त्राहि-त्राहि मची है। हैंडपंपों और स्रोतों में पानी कम होने से समस्या और गंभीर होती जा रही है।
कुछ लोग सात किलोमीटर दूर सुकल्याड़ी स्रोत से निजी वाहनों पर पानी ढो रहे हैं। जल संस्थान ने एक टैंकर और तीन प्राइवेट वाहनों को पानी के वितरण के लिए लगा रखा है, लेकिन 15 हजार की आबादी वाले इस नगर की समस्या फिर भी हल नहीं हो पा रही है। जल संस्थान के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि गोरघटिया पंपिंग योजना से पानी की सप्लाई कम हो रही है। यह योजना तब मात्र पांच हजार की आबादी की जरूरत को देखते हुए बनी थी, लेकिन अब आबादी तीनगुना ज्यादा बढ़ गई है, लेकिन पेयजल योजना की क्षमता नहीं बढ़ पाई है।
इस कारण तीन-चार दिन तक पानी का संग्रह करने के बाद ही उसका वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने तक समस्या बनी रहेगी। इधर, नगर के लोगों ने मांग की है कि बेड़ीनाग के लिए शीघ्र नई लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण किया जाए। पिछली सरकार ने थल रामगंगा से लिफ्ट पेयजल योजना बनाने की घोषणा की थी। सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश बोरा का कहना है कि नई सरकार को शीघ्र लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण करना चाहिए।