नारायणनगर में क्लस्टर विद्यालय योजना के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत:ग्रामीण।
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नारायणनगर, लेगधार, मिर्थी, आदिचौरा, हुनेरा के ग्रामीणों ने क्लस्टर विद्यालय योजना का विरोध करते हुए सोमवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत जीआईसी नारायणनगर और जूनियर हाईस्कूल लेगधार को बंद किया जा रहा है जो गलत है। कहा इन विद्यालयों के बंद होने से हमारे बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्लस्टर विद्यालय योजना के तहत उनके स्थानीय विद्यालयों को बंद करने की साजिश रची जा रही है। इन विद्यालयों में ताले लटकने से यहां के विद्यार्थियों को पांच से 20 किलोमीटर अन्य स्कूलों में जाना पड़ेगा। दुर्गम जिले में ऐसा करना विद्यार्थियों के लिए सही नहीं है। मैदानी क्षेत्र को ध्यान में रखकर योजनाओं को पहाड़ी जिलों में लागू करना गलत और अव्यवहारिक है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय से संचालित जीआईसी नारायणनगर को बंद करने का विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 40 साल से संचालित जूनियर हाईस्कूल लेगधार में ताले लटकाए तो वह चुप नहीं बैठेंगे। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्लस्टर योजना के तहत इन विद्यालयों को बंद किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। संवाद