पिथौरागढ़। कोविड अस्पताल बनाए गए पिथौरागढ़ बेस अस्पताल में 10 वेंटिलेटर और लगेंगे। शासन से वेंटिलेटर बेस अस्पताल पहुंच चुके हैं। तकनीकी टीम ने वेंटिलेटर लगाने के लिए बेस अस्पताल का सर्वे भी पूरा कर लिया है।
सीमांत जिले में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कुछ समय पहले जिला अस्पताल में पांच वेंटिलेटर लगाए थे। पांच नए वेंटिलेटर लगने के बाद जिला अस्पताल में 6 वेंटिलेटर हो चुके हैं। इसके अलावा कोविड अस्पताल निर्माणाधीन बेस अस्पताल में कोविड के रोगियों के लिए पहले से एक वेंटिलेटर था। शासन से 10 नए वेंटिलेटर स्वास्थ्य विभाग पिथौरागढ़ को मिल चुके हैं। देहरादून से आई टीम ने वेंटिलेटर लगाने के लिए सर्वे पूरा कर लिया है। शीघ्र ही दूसरी टीम आकर वेंटिलेटर लगाने का कार्य शुरू करेगी। अब जिले में 17 वेंटिलेटर हो चुके हैं। वेंटिलेटर लगने के बाद चिकित्सकों को कोविड के रोगियों के उपचार में आसानी होगी।
गंगोलीहाट और धारचूला में लगेगी ट्रूनेट मशीन
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट पीएचसी और धारचूला संयुक्त अस्पताल में कोविड के सैंपलों की जांच के लिए ट्रूनेट मशीन लगेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद दो अस्पतालों में ट्रूनेट मशीन स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बेस अस्पताल के लिए 10 नए वेंटिलेटर मिल चुके हैं। वेंटिलेटर को लगाने के लिए सर्वे भी पूरा हो गया है। शीघ्र ही वेंटिलेटरों को स्थापित कर दिया जाएगा। इसके अलावा गंगोलीहाट और धारचूला अस्पताल मेें ट्रूनेट मशीन लगाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। -डॉ. एचसी पंत, सीएमओ पिथौरागढ़।