Pithoragarh Snowfall: धारचूला में 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट की 'ई' कंपनी गर्ब्यांग ने कमांडेंट मधुकर अमिताभ के आदेश पर कार्रवाई करते हुए सीतापुल की ओर बर्फबारी के बीच फंसे पांच यात्रियों को रेस्क्यू किया।
पिथौरागढ़ के धारचूला में 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट की 'ई' कंपनी गर्ब्यांग ने कमांडेंट 11वीं वाहिनी मधुकर अमिताभ के आदेश पर कार्रवाई करते हुए गर्ब्यांग से डेढ़ किमी आगे सीतापुल की ओर बर्फबारी के बीच फंसे पांच यात्रियों को रेस्क्यू कर सकुशल कैंप तक पहुंचाया।
विज्ञापन
एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को पांच लोग ऊं पर्वत के दर्शन के लिए गए थे। मौसम खराब होने व बर्फबारी होने के कारण यात्री वहां तक नहीं पहुंच पाए। उन्हें गुंजी एसएसबी कैंप में रुकना पड़ा। गूंजी से वापसी के दौरान वाहन संख्या UP 53 ER 0001 बर्फबारी के बीच मार्ग में फंस गई। जिसमें पांच लोग ( दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे) शामिल थे। सभी लोग उत्तर प्रदेश (गोरखपुर, राप्ती नगर, फेज-IV) के रहने वाले थे।
जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 जवानों की टीम के साथ समवाय प्रभारी निरीक्षक योगेश पुनेठा मौके पर पहुंचे और गाड़ी के साथ सभी को सकुशल रेस्क्यू कर आईडी प्रूफ चेक करके समवाय मुख्यालय गर्ब्यांग लाए। समवाय पहुंचकर सभी लोगों को चाय-नाशता करवाया व उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा गया। दो फरवरी को सभी लोग शाम धारचूला की ओर रवाना हुए।
बता दें कि, चीन सीमा के व्यास घाटी में पिछले दो दिन भारी मात्रा में हिमपात होने से तवाघाट लिपुलेख सड़क में बर्फ होने से वाहनों की आवाजाही जोखिम भरा हुआ है। प्रशाशन द्वारा लोगों से अपील की है कि सड़क से बर्फ हटने के बाद ही आवाजाही शुरू करें।