पिथौरागढ़। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने आदि कैलाश और ओम पर्वत दर्शन के लिए हरी झंडी दिखाकर यात्रा का सांकेतिक रूप से शुभारंभ किया। आदि कैलाश यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। सोमवार से यात्रियों के यात्रा के आवेदन शुरू हो गए हैं।
वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश आने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की आमद को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियाें को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्वती सरोवर स्थित शिव मंदिर के कपाट दो मई को खुलेंगे। 28 अप्रैल से श्रद्धालुओं के इनर लाइन परमिट के लिए वेबसाइट पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। श्रद्धालु कहीं से भी घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। जरूरी दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करने के बाद धारचूला से इनर लाइन परमिट मिलेगा। 30 अप्रैल से इनर लाइन पास जारी हो जाएंगे।
सोमवार को पिथौरागढ़ विकास भवन से आदि कैलाश यात्रा का सांकेतिक शुभारंभ करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिथौरागढ़ भ्रमण पर आने के बाद देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शनों के लिए आ रहे हैं। भविष्य में यहां धार्मिक पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान डीएम विनोद गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।