पिथौरागढ़ की नैनीसैनी हवाईपट्टी का निरीक्षण करते नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया की टीम ने बृहस्पतिवार को नैनीसैनी हवाईपट्टी का निरीक्षण किया। कहा कि हवाईपट्टी पर बाधक बन रहे दो पेड़ों को शीघ्र काटा जाएगा। इसके लिए वन निगम को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यह टीम अपनी रिपोर्ट नागरिक विमानन के महानिदेशक को सौंपेगी। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही हवाईपट्टी से व्यावसायिक उड़ान शुरू हो जाएगी। प्रदेश सरकार नैनीसैनी हवाईपट्टी से दिसंबर में उड़ान शुरू करने की घोषणा कर चुकी है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के चंद्रशेखर तिवारी, संदीप कथूरिया, एसडी तिवारी, पायलट कै. अशोक सेथिंग, देवेंद्र सचान ने हवाईपट्टी का निरीक्षण करने के बाद कहा कि रनवे की स्थिति ठीक है। पिछले दिनों नागरिक विमानन विभाग की टीम ने भी हवाईपट्टी का दौरा किया था। टीम ने तब सुधार के लिए जो सुझाव दिए थे, उनमें से अधिकांश को पूरा कर लिया गया है। टीम ने हवाईपट्टी के पूर्वी छोर पर स्थित दो पेड़ों को काटने की अनुमति दी है।
अधिकारियों के लगातार दौरों से यह उम्मीद की जा रही है कि अब जल्द ही हवाईपट्टी से उड़ान शुरू हो जाएगी। वहीं, टीम के आने की सूचना के बाद हवाईपट्टी में पहुंचे पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेंद्र लुंठी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष पवन जोशी, राकेश देवलाल और राजेंद्र भट्ट ने आग्रह किया कि अब उड़ान शुरू करने का फैसला जल्दी ले लिया जाए, ताकि यहां के लोगों को हवाईसेवा का लाभ मिल सके। इधर, वित्त मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रकाश पंत हवाईपट्टी से जल्दी उड़ान शुरू करने के लिए लगातार प्रयास में हैं। पंत ने देहरादून से फोन पर बताया कि अब उड़ान शुरू करने की सारी बाधाएं लगभग पार हो चुकी हैं और जल्द ही लोगों को हवाईसेवा का लाभ मिलने लगेगा।