झूलाघाट के मजिरकांडा में क्षतिग्रस्त हुआ दो मंजिला मकान।
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। मजिरकांडा ग्राम सभा के लेक गांव में बारिश के बीच दो मंजिला मकान की दीवार ढह गई। हादसे के दौरान मकान के निचले तल में बंधे मवेशी बाल-बाल बच गए। वहीं, झूलाघाट कस्बे में गोशाला की दीवार ढहने से मलबे में दबकर एक बकरी की मौत हो गई।
बीते मंगलवार रात लेक गांव में अंजू भट्ट के दो मंजिला मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। अंजू भट्ट ने बताया कि घटना के समय वह क्षतिग्रस्त मकान के सामने बने दूसरे कमरे में सो रही थीं। दीवार गिरने से निचले तल में बंधी गाय और अन्य मवेशी बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों की मदद से पत्थर हटाकर मवेशियों को बाहर निकाला गया। अंजू ने घटना की सूचना क्षेत्रीय पटवारी और ग्राम प्रधान को दे दी है।
वहीं, झूलाघाट कस्बे की प्रेम गली में रहने वाले महेश राम की गोशाला की दीवार भी मंगलवार रात ढह गई। हादसे में गोशाला में बंधी पांच बकरियां मलबे में दब गईं, जिनमें से एक की मौत हो गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि आपदा से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।