मुनस्यारी तहसील क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई। चेटीचिमला गांव से अपने घर सेबिला जा रहे एक व्यक्ति की सोमवार की शाम मलबे की चपेट में आकर मौत हो गई। थाना प्रभारी हरेंद्र नेगी ने बताया कि सेबिला निवासी गोविंद बल्लभ (42) पुत्र भैरव दत्त घर से करीब 200 मीटर पहले पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आ गए। रात को वह घर नहीं पहुंचे थे। सुबह गांव के लोगों ने खोजबीन की तो उनका शव मलबे में दबा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरी घटना में बल्दीजूड़ा मोटर हेड से पैदल अपने गांव जा रहे मूर्तिनापड़ गांव निवासी खुशाल राम (50) पुत्र खीम राम की पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आकर मौत हो गई। वह मलबे के साथ 150 फीट नीचे सिलंगड़ा नदी में जा गिरे थे। घटना सोमवार शाम सात बजे की है। उनके पीछे-पीछे मूर्ति नापड़ के प्रधान रमेश राम भी चल रहे थे। घटना में वह बाल बाल बच गए। उन्होंने खुशाल राम के मलबे के साथ नदी में गिरने की सूचना गांव के लोगों को दी। क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक चुफाल, गोपाल थापा, कै. जगत सिंह, कुंडल सिंह आदि से तीन घंटे की मशक्कत के बाद खुशाल राम को नदी से बाहर निकाला और गंभीर हालत में गोचर अस्पताल ले गए। जहां पर मंगलवार की तड़के तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया