ठुलखाली में जमीन का समतलीकरण करती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
नया बस्तड़ी बसाने की दिशा में शनिवार को प्रशासन ने एक कदम और आगे बढ़ा दिया। गांव के लोगों ने नया बस्तड़ी बसाने के लिए ठुलखाली में जिस जमीन का चयन किया था, वहां की जमीन को समतल करने के लिए लोनिवि अस्कोट की ओर से उपलब्ध कराई जेसीबी शनिवार से लगा दी गई है। जमीन का सीमांकन कर दिया गया है और तहसील प्रशासन ने सारे कागजात तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दिए हैं। नया बस्तड़ी बसाने का काम काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। शनिवार सुबह लोगों ने भूमि पूजन किया।
नया बस्तड़ी बसाने के लिए जिलाधिकारी एचसी सेमवाल के निर्देश पर तहसीलदार पीसी पंत की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई है। कमेटी में चार राजस्व उपनिरीक्षक शामिल किए गए हैं। ठुलखाली में गांव के लोगों की 30 नाली नाप जमीन है। उससे सटी वर्ग-4 की जमीन भी गांव के लोगों को हस्तांतरित हो जाएगी। तहसीलदार ने बताया कि प्रथम चरण में इस स्थान पर उन लोगों के लिए टेंट लगाए जाएंगे, जो इस समय किराए के मकानों और राहत कैंपों में रह रहे हैं। बस्तड़ी के शंकर भट्ट ने कहा कि अब जल्द ही पक्के मकानों का निर्माण होने लगेगा।