पिथौरागढ़। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए आठ और नौ अक्तूबर को खिलाड़ियों का जिला स्तरीय टीम के लिए चयन ट्रायल होगा। इसके बाद राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाने के लिए 13 और 14 अक्तूबर को ट्रायल होगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबाल, कैरम, शतरंज, हॉकी, कबड्डी, लॉन टेनिस, वेट लिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग, तैराकी, वॉलीबाल, टेबल-टेनिस, कुश्ती, खो-खो आदि खेल होंगे। इस प्रतियोगिता के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में आठ और नौ अक्तूबर को जिला स्तरीय ट्रायल होंगे।
उन्होंने बताया कि ट्रायल में शामिल होने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आधार कार्ड की स्वप्रमाणित छायाप्रति, विभागाध्यक्ष से अनुमति प्रमाणपत्र, विभागीय कार्रवाई न होने का प्रमाणपत्र, विभागीय आईडी और स्वास्थ्य प्रमाणपत्र लाना होगा। संबंधित खिलाड़ियों का चयन प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तरीय टीम में किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 13 और 14 अक्तूबर को राज्य स्तरीय ट्रायल में अपना दमखम दिखाएंगे। संवाद