फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: 33 हजार केवी लाइन पर गिरा पेड़, नौ घंटे रही बिजली गुल

Tue, 21 May 2024 11:00 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
गणाईगंगोली क्षेत्र में बिजली की लाइन ठीक करते कर्मी। संवाद
विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। अंधड़ और बारिश के बीच ऊर्जा निगम की मुख्य 33 केवी लाइन पर शीशम का पेड़ गिर गया जिससे दो पोल क्षतिग्रस्त हो गए तार टूट गए। इससे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही पूर्णागिरि धाम की बिजली करीब नौ घंटे से अधिक समय तक गुल रही। विभागीय टीम रात भर लाइन ठीक करने में जुटी रही और सुबह आपूर्ति सुचारु हो सकी।
विज्ञापन

ऊर्जा निगम के अनुसार सोमवार की रात अंधड़ और बारिश में खटीमा हाईवे पर बिचई के पास 33 केवी लाइन पर शीशम का पेड़ गिर गया। इससे नगर और ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात में ही एसडीओ मयंक भट्ट के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पेड़ को हटाकर लाइन की मरम्मत शुरू की।
एसडीओ ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे आपूर्ति सुचारु की जा सकी। टीम ने दो क्षतिग्रस्त पोलों और तीन इंसुलेटर बदले। इस बीच बिजली गुल होने से लोग परेशान रहे। पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में मेला क्षेत्र के रास्तों को छोड़कर अन्य हिस्से में बिजली गुल रही।
विज्ञापन

इनसेट
बिजली गुल रहने पर ठेकेदार तलब, चेतावनी दी
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में लगे मेले में जिला पंचायत की ओर से ठेकेदार के माध्यम से बिजली की व्यवस्था की गई है। सोमवार रात 10 से 11 बजे के बीच पूरे मेला क्षेत्र में ठेकेदार की व्यवस्था भी ठप रही। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जनरेटर न चलाने को मेला समिति ने गंभीरता से लिया और समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने रात में ही मेला मजिस्ट्रेट आकाश जोशी को सूचना दी। समिति अध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले भी एक बार कुछ देर के लिए बिजली गुल रही थी। काली मंदिर से नीचे कई जगह बल्ब भी नहीं लगे हैं। मंगलवार को एसडीएम ने बताया कि ठेकेदार पक्ष को तलब किया है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और लापरवाही बरतने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। संवाद

आंधी से टूटे बिजली पोल और तार

गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। बीते दिन आई आंधी से क्षेत्र में बिजली के पोल और तार टूट कर गिर गए हैं। इससे बनकोट फीडर में बिजली गुल है। पोल और तार टूटने से करीब 20 गांवों में बिजली नहीं है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सब स्टेशन इंचार्ज दीपक बिष्ट ने बताया कि लाइन को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। संवाद


भारी बारिश से दूनाकोट क्षेत्र के खेतों में आया मलबा

डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट और आसपास के क्षेत्र में सोमवार की देर शाम को आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इससे नदी-नाले उफान पर आ गए। बारिश से कुनिया को दूनाकोट से जोड़ने वाली सड़क का बड़ा हिस्सा बरसाती रौतिस नाले में समा गया। दूनाकोट, किरोली, देवीसूना सहित कई गांवों के खेतों में मलबा घुस गया। इससे धान की पौध को नुकसान पहुंचा है। कुनिया से दूनाकोट को जोड़ने वाली सड़क भी कई जगह पर टूट गई है। वहीं डीडीहाट नगर में भी बारिश से नालियां उफान पर आ गईं। कई लोगों की दुकानों और मकानों में पानी घुस गया। ब्लाॅक प्रमुख बबीता चुफाल ने प्रशासन से बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की अपील की है। संवाद


आंधी से बैतड़ी में विद्यालय भवन की छत उड़ी
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। सीमांत क्षेत्र में इन दिनों रोज शाम के समय तेज हवाएं चल रही हैं। सोमवार की रात आई आंधी में नेपाल के बैतड़ी जिले के पंचेश्वर गांवपालिका वार्ड 4 के जबलपुर माध्यमिक विद्यालय सैलोड़ा के भवन और शौचालय की छत उड़ गई। प्रधानाचार्य शमशेर सिंह घोटाले ने बताया कि विद्यालय की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है। इनकी मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये लगने का आकलन किया गया है। संवाद



बारिश होने से गर्मी से मिली राहत

चंपावत। जिला मुख्यालय में मंगलवार को कुछ देर हुई हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। आपदा विभाग के अनुसार चंपावत में चार, लोहाघाट में एक, पाटी में शून्य और बनबसा में सात मिमी बारिश हुई। अचानक हुई बारिश के बाद सड़कें एकदम सूनी हो गईं। सुबह के समय बादलों के साथ खिली धूप से गर्मी का एहसास रहा। दोपहर को मौसम ने करवट बदली और अचानक बारिश शुरू हो गई। मंगलवार को चंपावत का अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 16 डिग्री था। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें