लोदपट्टा तोक में मलबे में दबी थी यह कार
- फोटो : अमर उजाला
डीडीहाट नगर पंचायत में आने वाला लोटपट्टा तोक 2007 से ही आपदा का दंश झेल रहा है। 2007 में आई आपदा से लोटपट्टा तोक के लोग पूरी तरह से अभी उबरे भी नहीं थे कि एक जुलाई को आई आपदा ने पूरे तोक को अपनी चपेट में ले लिया।
एक जुलाई को आई आपदा से नगर पंचायत के अंबेडकर वार्ड के लोटपट्टा तोक में भारी तबाही मची। लोटपट्टा को जोड़ने वाला रास्ता पूरी तरह से टूट गया। तोक में स्थित मकानों के ऊपरी भाग से भारी भूस्खलन होने से मकानों में दरारें पड़ गई है। लोटपट्टा तोक के निवासी सत्यवान टोलिया की नई गाड़ी इसी भूस्खलन की चपेट में आकर 100 मीटर गहरी खाई में दब गई। तोक में रहने वाले देवेंद्र सिंह टोलिया ने बताया कि 2007 की आपदा से अभी लोग पूरी तरह उबरे नहीं थे कि एक जुलाई की आपदा ने उनके मकानों को मलबे से पाट दिया है। अब भी टूटे रास्तों से होकर इस तोक में आना-जाना हो रहा है।
वहीं तोक में स्थित मंदिर भी आपदा की भेंट चढ़ गया। इस आपदा में देवेंद्र सिंह, सुंदर सिंह टोलिया, सुरेश जोशी, हरीश मेहता, शांति देवी सहित दर्जनों लोगों के मकानों को खतरा पैदा हो गया है। सब्जी इत्यादि के लिए प्रसिद्ध लोटपट्टा तोक के खेत बड़े पत्थरों और मलबे से पटे हैं। तोक में रहने वाले अधिकतर लोगों ने अपने मकान छोड़ दिए हैं। एसडीएम संतोष पांडे ने बताया कि इस तोक की सुरक्षा के लिए आपदा मद से कार्य किए जाएंगे।