भुरमुनी गांव के एक बुजुर्ग पर भालू ने हमला किया तो बुजुर्ग भालू से भिड़ गए। बुजुर्ग के हौसले से उनकी जान बच गई पर वह बुरी तरह जख्मी हो गए।
बृहस्पतिवार को भुरमुनी गांव निवासी नरेंद्र राम (53) पुत्र स्वर्गीय किशन राम गांव के नंदा सिंह धानिक और मदन राम के साथ गांव के तुसेड़ नामक जंगल में बकरी चराने गए थे। इसी दौरान एक खोह (गुफा) में दुबके भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने उनको नीचे गिराकर उनकी दाहिनी जांघ को मुंह में दबा लिया। बुजुर्ग ने हौसला नहीं खोया लाठी से भालू के सिर पर कई वार कर दिए। सिर पर डंडा पड़ने से भालू ने उनकी जांघ को छोड़ दिया।
साथ में मौजूद दोनों लोगों ने हो हल्ला मचाया और भालू पर पत्थर बरसाए। इसके बाद भालू भाग गया। भालू के जख्मी करने से नरेंद्र राम बेहोश हो गए। साथ में मौजूद नंदा सिंह धानिक और मदन राम जख्मी बुजुर्ग को लेकर गांव पहुंचे। गांव के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।