मुनस्यारी सीएचसी से रेफर एक ही परिवार के तीन मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद क्वारंटीन में रखा गया है।
मुनस्यारी के एक ही परिवार के लोग पांच मार्च को खटीमा शादी समारोह में गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्हें सर्दी-जुकाम, बुखार की शिकायत हुई।
इस पर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया। बृहस्पतिवार रात चिकित्सकों ने तीनों मरीजों को संदिग्ध मानते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मरीज शुक्रवार सुबह अस्पताल पहुंचे। फिजीशियन डॉ. एसएस कुंवर ने तीनों मरीजों की जांच की। उन्होंने बताया कि तीनों मरीजों में सामान्य लक्षण पाए गए हैं। तीनों को राजकीय संग्रहालय में बनाए क्वारंटीन में रखा गया है।
बाहर से लोगों के आने से ग्रामीण भयभीत
मदकोट के ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग शहरी क्षेत्रों से आए हैं। इनमें से कई युवकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं किया गया है। इससे ग्रामीण डरे हुए हैं। ढूनामानी गांव में भी एक युवक पुणे से जबकि एक युवक पंजाब से यहां आया है। दोनों की जांच नहीं की गई है। ग्राम प्रधान हर्ष सिंह भंडारी ने प्रशासन को सूचित कर दोनों युवकों के स्वास्थ्य की जांच करने की मांग की है।