फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन महीने का समय जल संचय में लगाएं अधिकारी

Thu, 20 Apr 2017 10:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते मुख्यमंत्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जिलाधिकारी के साथ ही पेयजल महकमों के अधिकारियों से तीन महीने का समय जल संचय में लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों को रिचार्ज करने में ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में दिक्कतें बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री ने जंगल की आग रोकने के लिए मिलकर काम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। 
विज्ञापन


विकास भवन में अधिकारियों की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चाल, खाल के निर्माण के साथ ही बारिश के जल को संग्रह करने के लिए प्राथमिकता से काम करना होगा। जो जल स्रोत सूख गए हैं, उन्हें रिचार्ज करने के लिए वैज्ञानिक तरीके से ठोस उपाय करने होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा महाराष्ट्र में जल संचय का प्रयास सार्थक रहा है। जल संरक्षण की कवायद से वहां दो नदियां रिचार्ज हो गई हैं। अल्मोड़ा और पौड़ी में भी जलस्रोत रिचार्ज हुए हैं। इस दिशा में काम करना ही होगा। उन्होंने कहा अप्रैल का महीना बीत रहा है। अब अधिकारियों को जुलाई मध्य तक अपनी पूरी ताकत जल संचय पर लगानी होगी। मुख्यमंत्री ने जल संस्थान के अधिकारियों से पेयजल की उपलब्धता की जानकारी हासिल की। संस्थान के अधीक्षण अभियंता डीके मिश्रा ने पानी की स्थिति की जानकारी दी। बताया कि जिले में लगे 213 हैंडपंपों से भी लोगों को राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री ने ट्यूबवेल के बारे में जानकारी मांगी। जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता ट्यूबवेल की संख्या नहीं बता पाए। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई।

जंगल की आग पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वनों को आग से बचाने के लिए पूरी जीजान लगानी होगी। प्रभागीय वनाधिकारी विनय भार्गव और जिलाधिकारी सी रविशंकर ने जंगल की आग रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली। कहा कि जिला अस्पताल में एमआरआई की सुविधा दी जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित करने के लिए तकनीशियनों की तैनाती का काम छह माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। 
विज्ञापन


सीएम ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया 
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नैनीसैनी हवाई पट्टी से कार्यक्रम स्थल लोनिवि निरीक्षण भवन जाते समय जिला अस्पताल सामने कार रुकवा ली और मंत्रियों के साथ जिला अस्पताल में प्रवेश कर गए। अस्पताल में मरीजों से मुलाकात की, उनके हालचाल जाने। अस्पताल से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। डॉक्टरों को मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरतने की हिदायत दी। कहा कि अस्पताल से ही मरीजों को सारी दवाएं मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री के अचानक अस्पताल में पहुंचने से जहां अस्पताल प्रबंधन सकते में आ गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें