फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: धारचूला के जयकोट में युवक पर किया तीन भालुओं का हमला, हालत गंभीर

Fri, 21 Nov 2025 11:29 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
भालुओं के हमले में घायल का उपचार करते फार्मासिस्ट। स्रोत : ग्रामीण
विज्ञापन
धारचूला (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के कई गांवों में इन दिनों भालुओं की धमक से ग्रामीण भयभीत हैं। फल, सब्जी बेचने जा रहे जयकोट के एक युवक पर तीन भालुओं ने एक साथ हमला कर दिया। सड़क निर्माण में लगे मजदूरों के घटनास्थल पर पहुंचने से युवक की जान बच गई। हालांकि घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद हेलिकॉप्टर से हायर सेंटर हल्द्वानी भेजा गया है।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत जयकोट निवासी नरेंद्र कार्की (35) शुक्रवार सुबह करीब 7:45 बजे अपने गांव से दो किलोमीटर दूर तोक लंकारी में फल-सब्जी बेचने जा रहा था। जंगल के रास्ते से गुजरने के दौरान अचानक एक साथ तीन भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। वह चिल्लाते हुए भालुओं के साथ संघर्ष करता रहा। संयोग से घटनास्थल से कुछ ही दूर कुछ मजदूर गस्कू-कुरीला सड़क के निर्माण में लगे थे।
नरेंद्र के चिल्लाने की आवाज सुनकर मजदूर मौके पर पहुंचे और उनके शोर मचाने पर भालू नरेंद्र को छोड़कर भाग गए। भालुओं के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे घाव हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने घायल को इलाज के लिए ग्राम रूंग के प्राथमिक अस्पताल पहुंचाया। ग्राम प्रधान गोपाल बिष्ट और सरपंच लक्ष्मी जोशी ने घटना की सूचना प्रशासन, वन विभाग को देते हुए उसे हायर सेंटर पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर की मांग की।
विज्ञापन

सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने हेलिकॉप्टर भेजकर घायल को हायर सेंटर भेजा। एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि घायल नरेंद्र को हेलिकॉप्टर से इलाज के लिए हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है।
गर्ब्यांग गांव में भी भालू की सक्रियता
कुछ दिन पूर्व व्यास घाटी के गर्ब्यांग गांव में भी भालू की सक्रियता नजर आई थी। ग्रामीणों के मुताबिक दिनदहाड़े भालू आबादी में पहुंचा जिससे वे दहशत में हैं। जयकोट में हुई घटना के बाद उनका डर बढ़ गया है। उन्होंने वन विभाग से गश्त कर भालू की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है।
थल के भट्टीगांव में भी है दहशत
थल (पिथौरागढ़)। तहसील के भट्टी गांव में चार दिन से भालू की धमक से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण उमेश पाठक ने बताया कि चार दिन से भालू अपने बच्चों के साथ प्राथमिक विद्यालय को जोड़ने वाले रास्ते के साथ ही गांव में नजर आ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों और बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने वन विभाग से भालू की दहशत से निजात दिलाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें