टनकपुर (चंपावत)। तल्ला पाल विलौन संघर्ष समिति सूखीढांग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिषद ने बृजनगर, सूखीढांग में नौ जून तक पेयजल लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। तल्ला पाल बिलौन संघर्ष समिति के संयोजक शंकर जोशी ने बताया कि वर्तमान में रीठा साहिब गुरुद्वारा के लिए संगत बृजनगर, सूखीढांग होकर जा रही है। बृजनगर सूखीढांग, श्यामलाताल में पीने के पानी के लिए दिक्कत हो रही है। यहां जल जीवन मिशन योजनाएं फेल हैं।
करोड़ों रुपये से श्यामलाताल कांडा बृजनगर पंपिंग योजना, दौगाड़ बृजनगर पेयजल योजना, जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनी सूखीढांग बृजनगर पंपिंग योजना नाकाम साबित हो रही हैं। सूखीढांग बृजनगर पंपिंग योजना में जुगाड़ से पाइप लाइन लगा दी है। कहीं रबर के पाइप हवा में झूल रहे हैं। लाइन ओपन होने से गर्मी से हवा भरने से पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है। जोड़ मेला शुरु होने में एक दिन बचा है। सुलभ शौचालय में पानी नहीं होने से 500 मीटर दूर से बाल्टी में पानी लाना पड़ रहा है।
जल संस्थान की ओर से टैंकर की कोई व्यवस्था नहीं की है। नानकपुरी टांडा की ओर से लंगर शुरू हो गया है। पेयजल उपलब्ध नहीं होने से भारी दिक्कतें आ रही हैं। चल्थी नदी से टैंकर से पानी लाना पड़ रहा है। तल्ला पाल विलौन संघर्ष समिति सूखीढांग के संयोजक जोशी और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिषद के जिलाध्यक्ष महेश चौड़ाकोटी ने आंदोलन की चेतावनी दी है।