गंगोलीहाट में सड़क निर्माण के दौरान भोजन करते पठक्यूड़ा, भूल्यूड़ा के ग्रामीण। (फाइल फोटो)
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। देर आए दुरुस्त आए, पठक्यूड़ा-भूल्यूड़ा सड़क इस कहावत को साबित कर रही है। जब ग्रामीणों ने श्रमदान से 1200 मीटर सड़क का निर्माण कर डाला, तब जाकर सरकार से इसे स्वीकृति मिली है। अब ग्राम संपर्क योजना के तहत भूल्यूड़ा तक दो किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा। इससे ग्रामीणों में खुशी और राहत है।
पठक्यूड़ा और भूल्यूड़ा के 35 परिवार वर्षों से गांव तक सड़क पहुंचने की राह देख रहे थे। सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई तो पिछले वर्ष दोनों गांवों के ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क का निर्माण शुरू किया। ग्रामीणों ने आपस में सहयोग राशि एकत्र कर आठ दिन के कड़े संघर्ष के बाद 1200 मीटर सड़क काट डाली।
हालांकि बाद में विधायक ने अपनी निधि से ग्रामीणों को दो लाख रुपये सहयोग राशि दी। अब इस सड़क का निर्माण ग्राम संपर्क योजना के तहत होगा। आरडब्ल्यूडी हरकुटियाल से पठक्यूड़ा-भूल्यूड़ा तक दो किलोमीटर सड़क का निर्माण करेगा, इसका शासनादेश जारी हो गया है।
समस्याओं को देखते हुए ग्रामीणों उठाई सड़क बनाने की जिम्मेदारी
गांव के हेम चंद्र पंत, गिरीश चंद्र पाठक, हिमांशु पाठक, नीरज पाठक सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के अभाव में बीमारों और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना मजबूरी बन गया था। जब इन्हें समय पर इलाज नहीं मिला तो सभी ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क निर्माण की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने कहा कि अब सड़क बनने से दोनों गांवों के ग्रामीणों की परेशानी कुछ हद तक कम हो जाएगी।
कोट
हरकुटियाल से भूल्यूड़ा तक सड़क निर्माण का शासनादेश जारी हो गया है। जल्द ही आवश्यक कार्यवाही कर सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। - पंकज कुमार, ईई, आरडब्ल्यूडी